कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी खाकी की नजर, 02 सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा मेला क्षेत्र

–लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, 12 घंटे की दो पालियों में तैनात रहेगा पुलिस बल, गंगा घाटों पर जल पुलिस और संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते की रहेगी निगरानी
खबर डोज, हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। हरकी पैड़ी सहित शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

सोमवार को एसपी सिटी दीपक कुमार और एसपी देहात अभय कुमार ने ऋषिकुल स्थित ऑडिटोरियम में स्नान पर्व में नियुक्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन और श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पिछले स्नान पर्वों के अनुभव को देखते हुए कार्तिक पूर्णिमा पर अचानक भीड़ बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं।

सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय अभिसूचना इकाई को पूरे मेला क्षेत्र में गोपनीय निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें हरकी पैड़ी, संवेदनशील घाटों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और अपर रोड क्षेत्र में लगातार चेकिंग करेंगी। भीड़ नियंत्रण के लिए घुड़सवार पुलिस की दो टीमें भी तैनात रहेंगी। इसके अलावा पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी।

गंगा घाटों पर डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जल पुलिस की पांच टीमें और एक फ्लड टीम तैनात की गई है। महिला घाटों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। घाटों पर श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से बैठने नहीं दिया जाएगा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं को तत्काल घाटों से बाहर निकालकर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा। घाटों पर सो रहे श्रद्धालुओं को सुबह दो बजे जगाकर घाट खाली कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। स्नान पर्व के दौरान जनपद में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सड़कों पर वाहनों की अनावश्यक पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजा जाएगा। मनसा देवी और चंडी देवी मार्ग पर भी श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी 12-12 घंटे की दो पालियों में लगाई गई है। स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी अपने प्रतिस्थानी के आने से पहले ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ेगा। भीड़ का दबाव बढ़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल कर यातायात और श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
इतना पुलिस बल रहेगा तैनात
स्नान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए 02 अपर पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 16 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 85 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक, 09 महिला उपनिरीक्षक, 163 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तथा 50 महिला आरक्षी तैनात रहेंगी। इसके अलावा यातायात पुलिस, अभिसूचना इकाई के 16 कर्मचारी, बीडीएस और डॉग स्क्वायड की एक टीम, फायर यूनिट की पांच टीमें, जल पुलिस की पांच टीमें और एक फ्लड टीम तैनात रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी की चार कंपनियां और एक प्लाटून, एक टीयर गैस स्क्वायड तथा चार प्रिजन वैन भी शामिल रहेंगी।
पुलिस प्रशासन ने सभी सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर प्रभारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि व्यापक सुरक्षा इंतजामों के बीच लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और स्नान पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन कितना सफल रहता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









गुजरात सड़क हादसे में मारे गए सात लोगों के पार्थिव शरीर पहुंचे कोटद्वार, सैन्य सम्मान के साथ घरों तक पहुंचाए गए शव, हर आंख हुई नम, देखिए वीडियो