गुजरात सड़क हादसे में मारे गए सात लोगों के पार्थिव शरीर पहुंचे कोटद्वार, सैन्य सम्मान के साथ घरों तक पहुंचाए गए शव, हर आंख हुई नम, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। गुजरात के भुज–खावड़ा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले उत्तराखंड के सात लोगों के पार्थिव शरीर कोटद्वार पहुंच गए हैं। रविवार को गब्बर सिंह सेना कैंप, कौड़िया कोटद्वार से गमगीन माहौल में सभी पार्थिव शरीर उनके घरों के लिए रवाना किए गए। सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीरों को उनके आवास तक पहुंचाया गया। इस दौरान परिजनों की चीख-पुकार से माहौल बेहद भावुक हो गया।

गौरतलब है कि शनिवार 21 नवंबर 2026 की रात गुजरात के भुज–खावड़ा हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। इस हादसे में कार सवार सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। मृतकों में सेना में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी भी शामिल थे। हादसे में उनकी पत्नी और महज तीन माह की मासूम बेटी ने भी जान गंवा दी। एक ही परिवार के सदस्यों की मौत से कोटद्वार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

गब्बर सिंह सेना कैंप, कौड़िया में पार्थिव शरीर पहुंचने के बाद उन्हें सैन्य सम्मान के साथ उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। नायक राजेश सिंह रावत और उनके परिजनों के पार्थिव शरीर आदर्श स्कूल वाली गली, सिम्बलचौड़ स्थित आवास पहुंचाए गए। वहीं नायक सौरभ सिंह नेगी और उनके परिजनों के पार्थिव शरीर ध्रुव विहार स्थित आवास के लिए रवाना किए गए। हादसे में जान गंवाने वाली रिंकी गोसाईं और उनकी चार वर्षीय बेटी वामिका का आवास मोटाढाक में है।

हादसे में जान गंवाने वालों में नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30), तीन माह की बेटी शिविका, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं (32), चार वर्षीय बेटी वामिका, नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता शामिल हैं।

एक ही हादसे में सात जिंदगियां खत्म होने से कोटद्वार के ध्रुवपुर, मोटाढाक और सिम्बलचौड़ क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार के लोग कुछ दिन पहले तक साथ थे, आज उनके पार्थिव शरीर घर पहुंचे तो हर आंख नम हो गई। गुजरात में हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर कर रख दिया है।

You cannot copy content of this page