कप्तान साहब! बाजार से कहां गायब है यातायात को सुगम बनाने वाली हरिद्वार की सीपीयू, जगह-जगह लग रहा जाम, जनता बेहाल, वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है। शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर जगह-जगह जाम लगने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली सीपीयू (सिटी पेट्रोल यूनिट) बाजारों से नदारद दिखाई दे रही है।

वाहनों के चालान काटने को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली सीपीयू की त्योहारी सीजन में बाजारों में सक्रियता नजर नहीं आने पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बाजारों में खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों को जाम के कारण घंटों परेशान होना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे पैदल चलने वालों और स्थानीय व्यापारियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस बीच पुराने रानीपुर मोड़ की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में सड़क पर जाम की स्थिति दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो ने शहर की यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अब सवाल यह है कि जब त्योहारी सीजन में बाजारों में यातायात का दबाव सबसे अधिक है, तब यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाली सीपीयू कहां तैनात है? क्या सीपीयू की ड्यूटी केवल वाहन चालकों के चालान काटने तक ही सीमित रह गई है या फिर बाजारों में यातायात सुगम बनाना भी उसकी प्राथमिकता में शामिल है?

एसएसपी साहब को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। आखिर त्योहारी सीजन में बाजारों को जाम से मुक्त रखने के लिए सीपीयू की प्रभावी तैनाती क्यों नहीं दिखाई दे रही? जनता को चालान के साथ-साथ सुगम यातायात की सुविधा भी मिलनी चाहिए।

You cannot copy content of this page