कुंभ मेले की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

-समयसीमा में काम पूरा करने के लिए दिन-रात निर्माण कराने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने निर्माण एवं विकास कार्यों में तेजी लानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बुधवार को रोड़ी बेलवाला, पंतदीप सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उनकी गति पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुंभ मेले से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता पड़ती है तो दिन के साथ-साथ रात्रि में भी निर्माण कार्य कराया जाए, लेकिन हर हाल में तय समय पर काम पूरा होना चाहिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए और अधिकारियों द्वारा इनकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि बाद में किसी प्रकार की खामी सामने न आए।

सफाई वाहनों के संचालन की भी परखी व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कुंभ मेले के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कॉम्पेक्टर एवं अन्य सफाई वाहनों के आवागमन और संचालन की संभावनाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के साथ-साथ कूड़ा प्रबंधन और सफाई वाहनों की आवाजाही के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेले में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर की बुनियादी सुविधाओं, सफाई व्यवस्था और यातायात से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करना बेहद जरूरी है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि कुंभ मेले की तैयारियों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। निर्माण कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित हरिद्वार उपलब्ध कराया जा सके।

You cannot copy content of this page