हरिद्वार: चार युवतियों ने विवाहिता को बीच सड़क पर घेरकर पीटा, जान से मारने की धमकी दी, वीडियो सोशल मीडिया वायरल

ख़बर शेयर करें -

–कॉलेज के पास हुई मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी में दी तहरीर

खबर डोज, हरिद्वार। धनौरी क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ चार युवतियों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चारों युवतियों ने कॉलेज के पास विवाहिता को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की और बीच सड़क पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह विवाहिता को युवतियों के चंगुल से छुड़ाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, दौलतपुर निवासी हिमांशी गिरी पत्नी चंद्रमोहन धनौरी स्थित एक कॉलेज में पढ़ाई करती है। बताया जा रहा है कि वह कॉलेज की पढ़ाई से संबंधित फाइल तैयार कराने के लिए कुछ कागजात की फोटोस्टेट कराने बाजार आई थी। इसी दौरान पहले से मौजूद चार युवतियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि इनमें दो युवतियां दौलतपुर, एक जसवावाला और एक धनौरी गांव की रहने वाली है।

बताया गया कि चारों युवतियों ने कॉलेज के पास विवाहिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से विवाहिता खुद को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन चारों ने उसके साथ मारपीट की। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उसे युवतियों से छुड़ाया। आरोप है कि वहां से जाते समय युवतियों ने विवाहिता को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद पीड़िता ने धनौरी पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी और आरोपित युवतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि उसे आरोपित युवतियों से अपनी जान का खतरा है। उसने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि वह कॉलेज में अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती है, लेकिन इस घटना के बाद वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page