कुंभ मेला कार्यों में कथित धांधली पर कांग्रेस की चुप्पी, आखिर क्यों थम गई विरोध की आवाज?

-हर सप्ताह प्रेसवार्ता कर श्वेत पत्र की मांग उठाने वाले आलोक शर्मा और मनोज सैनी अब क्यों हैं खामोश?
–कुंभ कार्यों की गुणवत्ता और टेंडर में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस की खत्म हुई सक्रियता ने खड़े किए सवाल
खबर डोज, हरिद्वार। कुंभ-2027 के कार्यों में कथित अनियमितताओं, निर्माण की खराब गुणवत्ता और टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर लगातार आवाज उठाने वाली कांग्रेस अब अचानक खामोश नजर आ रही है। करीब एक महीने पहले तक हर सप्ताह प्रेसवार्ता और धरना प्रदर्शन कर कुंभ कार्यों की जांच और उत्तराखंड सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग करने वाले कांग्रेस नेताओं की सक्रियता में आई कमी अब राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गई है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, हरिद्वार नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पद के दावेदार मनोज सैनी और उनके समर्थक नेता लगातार कुंभ कार्यों को लेकर सरकार और संबंधित विभागों पर सवाल खड़े कर रहे थे। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं में कमी और निविदाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने कई बार जांच की मांग उठाई थी। लेकिन पिछले कुछ समय से इस मुद्दे पर न तो पहले जैसी प्रेसवार्ताएं हो रही हैं और न ही धरने-प्रदर्शनों में कोई खास सक्रियता दिखाई दे रही है।
वरिष्ठ पत्रकार रत्नमणि डोभाल का कहना है कि कांग्रेस नेताओं की अचानक आई चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। जब कुंभ कार्यों को लेकर लगातार गंभीर आरोप लगाए जा रहे थे और सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की जा रही थी, तो अब इस मुद्दे पर कांग्रेस की आवाज धीमी क्यों पड़ गई है? नेताओं को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि क्या कांग्रेस नेताओं की सक्रियता में आई कमी के पीछे किसी का दबाव है या फिर राजनीतिक परिस्थितियों के चलते विरोध की रणनीति बदल दी गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि कुंभ कार्यों में अनियमितताएं थीं तो उनकी जांच की मांग का क्या हुआ? सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग अब कहां गायब हो गई? कुंभ जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में करोड़ों रुपये के कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता का मुद्दा केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ऐसे में कांग्रेस नेताओं की चुप्पी पर अब जनता जवाब मांग रही है। या फिर कांग्रेस नेता किसी दबाव में आ गए हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







दीपावली पर नवनिर्मित घाटों तक पहुंची गंगा की धारा, कुंभ-2027 की तैयारियों को मिला नया विस्तार 
