हरिद्वार नगर सीट से भाजपा के टिकट पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग ने ठोकी दावेदारी, आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण मानी जा डॉ. गर्ग की दावेदारी

खबर डोज, हरिद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। हरिद्वार नगर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट के दावेदारों की सूची में अब वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विशाल गर्ग का नाम भी शामिल हो गया है। शुक्रवार को डॉ. विशाल गर्ग ने हरिद्वार नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की मांग करते हुए पार्टी के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा को अपना आवेदन सौंपकर विधिवत दावेदारी पेश की।
डॉ. विशाल गर्ग की दावेदारी सामने आने के बाद हरिद्वार की राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। ईमानदार और कर्मठ छवि के नेता के रूप में पहचान रखने वाले डॉ. विशाल गर्ग लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। व्यापारिक वर्ग के साथ-साथ शहर के आम लोगों के बीच भी उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनकी दावेदारी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दावेदारी पेश करते हुए डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि यदि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व उन्हें जनता की सेवा करने का अवसर देता है तो वह हरिद्वार को एक आदर्श विधानसभा बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यात्रियों के ठहरने की स्थायी व्यवस्था कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने शहर की एक बड़ी समस्या जलभराव का जिक्र करते हुए कहा कि हरिद्वार को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रमुखता से कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।
डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि वह 24 घंटे जनता की सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे और जनसमस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
उनके द्वारा हरिद्वार नगर सीट से दावेदारी पेश किए जाने के बाद समर्थकों, व्यापारियों और आम जनता में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब देखना होगा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव में हरिद्वार नगर सीट से किस दावेदार पर अपना भरोसा जताता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









