देर आए, दुरुस्त आए: त्योहारी सीजन में जागा प्रशासन, मिठाई की दुकानों पर छापेमारी, कहीं घटतौली तो कही 12 घंटे काम कराने की शिकायत

–बीकानेर मिष्ठान भंडार, टूरिस्ट स्वीट्स और हॉट एंड कोल्ड का औचक निरीक्षण, मिठाइयों के नमूने लेकर जांच को भेजे
खबर डोज, कोटद्वार। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही आखिरकार पौड़ी जिला प्रशासन ने कोटद्वार में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। गुरुवार को हुई कार्रवाई में कहीं घटतौली की शिकायत मिली तो कहीं कांटे का समय पर नवीनीकरण नहीं कराने का मामला सामने आया। वहीं, दुकानों में श्रमिकों से 12-12 घंटे काम कराने और नियमानुसार वेतन नहीं देने की शिकायतें भी मिलीं। प्रशासन ने खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

टीम ने बदरीनाथ मार्ग स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार, रोडवेज बस स्टैंड के पास टूरिस्ट स्वीट्स शॉप और तीलू रौतेली चौक के निकट हॉट एंड कोल्ड का निरीक्षण किया।
बीकानेर में घटतौली की शिकायत
निरीक्षण के दौरान बीकानेर मिष्ठान भंडार में घटतौली की शिकायत सामने आने पर उपजिलाधिकारी ने बाट-माप निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, हॉट एंड कोल्ड में कांटे का निर्धारित समय पर नवीनीकरण नहीं कराए जाने पर नोटिस जारी करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

12 घंटे काम, वेतन पर भी सवाल
निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से पूछताछ में टूरिस्ट स्वीट्स शॉप सहित संबंधित दुकानों में 12-12 घंटे काम कराने और नियमानुसार वेतन नहीं देने की शिकायतें सामने आईं। इस पर श्रम विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। अब यह देखना होगा कि संबंधित विभाग इन शिकायतों की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।
तीनों दुकानों से मिठाइयों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा टीम ने तीनों दुकानों से बर्फी, लड्डू सहित विभिन्न मिठाइयों के नमूने लिए। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण टीम में अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन पीसी जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा और बाट-माप निरीक्षक उमेश नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सही तौल और श्रमिकों के अधिकारों को लेकर प्रशासन की सक्रियता जरूरी है। हालांकि, सवाल यह भी है कि मिठाइयों की बिक्री बढ़ने और त्योहार नजदीक आने के बाद ही निरीक्षण अभियान क्यों तेज हुआ। अब कार्रवाई के साथ-साथ नियमित निगरानी और शिकायतों के निस्तारण पर भी प्रशासन की गंभीरता परखी जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









