हरिद्वार में पिल्ला गैंग पर ऑपरेशन प्रहार, फायरिंग और हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार

–सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर सतीघाट पर हुआ था विवाद, युवक पर तमंचे से किया गया फायर; मुख्य आरोपी की तलाश जारी
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। कनखल कोतवाली क्षेत्र के सतीघाट पर युवकों के दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक पर तमंचे से फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया गया। गनीमत रही कि युवक गोली लगने से बाल-बाल बच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 27 अक्टूबर 2026 की रात की है। कनखल क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने शिकायतकर्ता के पुत्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान युवक को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया गया। हालांकि, युवक इस हमले में बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन राजपूत पुत्र रूपचन्द्र निवासी लोधामंडी, राजघाट, कनखल, गौतम सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी बैरागी कैंप तथा मनीष कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









