कोटद्वार में त्योहारी सीजन: मोमो-चाऊमीन और मसाला फैक्ट्रियों में कब होगी सैंपलिंग, मीटिंग वाले होटल में अब तक छापेमारी न होने पर भी उठे सवाल

ख़बर शेयर करें -

–मिठाई की दुकानों पर सैंपलिंग कर जिम्मेदारी पूरी कर रहा विभाग, गली-मोहल्लों में बिक रहे फास्ट फूड की गुणवत्ता की जांच कब होगी?

खबर डोज, कोटद्वार। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हर साल त्योहारों के दौरान विभागीय अधिकारी मिठाइयों की दुकानों पर पहुंचकर सैंपलिंग और छापेमारी की कार्रवाई करते नजर आते हैं, लेकिन शहर के गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक रहे चाऊमीन, मोमो और अन्य फास्ट फूड की गुणवत्ता की जांच को लेकर विभाग की सक्रियता दिखाई नहीं देती। इतना ही नहीं, शहर और आसपास संचालित मसाला फैक्ट्रियों में भी सैंपलिंग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में केवल मिठाई की दुकानों को जांच के दायरे में रखना पर्याप्त नहीं है। शहर में बड़ी संख्या में ठेलियों, छोटी दुकानों और फास्ट फूड सेंटरों पर मोमो, चाऊमीन, मंचूरियन और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री होती है। इन खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, सॉस, तेल और मसालों की गुणवत्ता की जांच भी जरूरी है। इसके बावजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से इन प्रतिष्ठानों पर नियमित सैंपलिंग होती नजर नहीं आती।

वहीं मसाला फैक्ट्रियों में तैयार होने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच नहीं होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर विभाग इन इकाइयों की जांच कब करेगा?

गौरतलब है कि हाल ही में कोटद्वार के नामी होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की गई थी। हालांकि, जिस होटल में विभागीय बैठक आयोजित की गई थी, वहां अब तक सैंपलिंग की कार्रवाई नहीं होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच की कार्रवाई सभी प्रतिष्ठानों पर समान रूप से लागू होती है या फिर कुछ प्रतिष्ठान जांच के दायरे से बाहर हैं?

अब बड़ा सवाल यह है कि विभाग मिठाई की दुकानों तक सीमित कार्रवाई से आगे बढ़कर मोमो-चाऊमीन की दुकानों, मसाला फैक्ट्रियों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कब शुरू करेगा। साथ ही मीटिंग वाले होटल में सैंपलिंग कब होगी? विभागीय अधिकारियों को इन सवालों का जवाब देना होगा।

You cannot copy content of this page