निरीक्षण में स्टोर रूम से वन्यजीव के दांत गायब होने की आशंका, वन विभाग में मचा हड़कंप, लालढांग रेंज का मामला

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। लालढांग रेंज में वन्यजीवों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्यों और सामग्री की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेंज कार्यालय के स्टोर रूम के निरीक्षण के दौरान वन्यजीव के दांत गायब होने की आशंका सामने आने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल तेज हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक लालढांग रेंज के स्टोर रूम का निरीक्षण किया जा रहा था। इसी दौरान वहां रखी वन्यजीवों से संबंधित सामग्री की जांच में कुछ दांतों के उपलब्ध न होने की संभावना जताई गई। इसके बाद स्टोर में रखे सामान और पुराने रिकॉर्ड का मिलान किए जाने की जरूरत महसूस हुई। आशंका है कि रिकॉर्ड में दर्ज एक वन्यजीव के दांत मौके पर मौजूद नहीं हैं। हालांकि, दांत वास्तव में गायब हैं या रिकॉर्ड और रखरखाव में कोई गड़बड़ी है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

इस घटनाक्रम ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और स्टोर रूम में रखी संवेदनशील सामग्री की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीवों से जुड़े अंगों का संरक्षण और उनका विधिवत रिकॉर्ड रखना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसे में यदि निरीक्षण के दौरान दांत गायब मिलने की पुष्टि होती है तो यह गंभीर मामला हो सकता है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्टोर रूम में रखी सामग्री की नियमित निगरानी कौन कर रहा था और यदि दांत गायब हुए हैं तो इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं लगी? क्या स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक सामग्री का नियमित मिलान किया जा रहा था?

फिलहाल मामले में विभागीय जांच और रिकॉर्ड के सत्यापन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। अब देखना होगा कि वन विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और कथित लापरवाही की जिम्मेदारी किसकी तय होती है।

You cannot copy content of this page