राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में भव्य परेड, 16 पुलिसकर्मी मेडल और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

–आईजी पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस ने परेड की सलामी लेकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को किया सम्मानित, सम्मेलन में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

खबर डोज, हरिद्वार। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन रोशनाबाद में भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन भी आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस उत्तराखंड ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए परेड की सलामी ली। परेड में पुलिस बल ने अनुशासन, एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सम्मेलन आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के 16 अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र से अलंकृत कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले पुलिसकर्मियों को अधिकारियों ने उनके योगदान के लिए बधाई दी।

आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक संचार सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।

वहीं, राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थाना एवं कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस बल को आपसी एकजुटता, अनुशासन और देश के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।

You cannot copy content of this page