कोटद्वार में आबकारी विभाग है भी या नहीं? खुलेआम शराब तस्करी, आखिर कब जागेगा जिम्मेदार महकमा? कब गिरफ्तार होगा फरार तस्कर

ख़बर शेयर करें -

–शहर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही शराब की खेप, स्कूटी से गिरी शराब की पेटी, तस्कर फरार; घटना के बाद भी आबकारी विभाग की कार्रवाई पर सवाल

खबर डोज, कोटद्वार। कोटद्वार शहर में खुलेआम हो रही शराब तस्करी ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में अवैध रूप से शराब की आवाजाही और तस्करी की चर्चाओं के बीच अब जनता पूछने लगी है कि आखिर कोटद्वार में आबकारी विभाग की जिम्मेदारी क्या है? शराब की अवैध तस्करी पर लगाम लगाने के लिए जिम्मेदार महकमा आखिर कर क्या रहा है? क्या विभाग को शहर में चल रहे शराब तस्करी के खेल की जानकारी नहीं है या फिर तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने में विभाग की दिलचस्पी नहीं है?

हाल ही में छोटी दीपावली के दिन झंडाचौक से मालगोदाम रोड की ओर जाने वाले तिराहे पर हुई घटना ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बताया गया कि शराब की पेटियां लेकर जा रही एक स्कूटी पुलिस बैरियर से टकरा गई। टक्कर के दौरान स्कूटी पर रखी दो शराब की पेटियों में से एक पेटी सड़क पर गिर गई। इसके बाद स्कूटी सवार तस्कर शराब की दूसरी पेटी लेकर मौके से फरार हो गया।

इस घटना में सड़क पर गिरी शराब की पेटी तो सामने आ गई, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस ठिकाने पर पहुंचाया जाना था? स्कूटी सवार कौन था और उसके पीछे शराब तस्करी का कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है? इन सवालों का जवाब आबकारी विभाग को देना चाहिए।

हैरानी की बात यह है कि शहर में शराब तस्करी की ऐसी घटनाएं सामने आने के बावजूद आबकारी विभाग की सक्रियता और कार्रवाई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आ रही है। आखिर विभाग की ओर से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए कितने अभियान चलाए जा रहे हैं? कितने तस्करों को गिरफ्तार किया गया और कितनी अवैध शराब पकड़ी गई? क्या विभाग के पास कोटद्वार में शराब की अवैध आवाजाही रोकने के लिए कोई ठोस रणनीति है?

आखिर कब जागेगा आबकारी विभाग? क्या जिम्मेदार अधिकारी शहर में शराब तस्करी के नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करेंगे या फिर शराब तस्कर इसी तरह बेखौफ होकर शहर की सड़कों पर शराब की खेप पहुंचाते रहेंगे? कोटद्वार की जनता अब आबकारी विभाग से जवाब और ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।

You cannot copy content of this page