वाह! गोलमोल खुलासा: हाथी दांत चोरी में लकड़ी चोर गिरफ्तार, हाथी दांत गायब और बरामद हुआ सिर्फ टूटा ताला व सरिया
–लालढांग रेंज के भंडार गृह से चोरी हुए थे हाथी दांत, आरोपी ने पूछताछ में कबूली चोरी की बात, बरामदगी और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम
खबर डोज, कोटद्वार। लालढांग वन रेंज के भंडार गृह से हाथी दांत चोरी होने के मामले में आखिरकार पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक लकड़ी चोर को गिरफ्तार किया है। हालांकि, इस गिरफ्तारी के बाद भी सबसे बड़ा सवाल बरकरार है कि चोरी हुए हाथी दांत आखिर कहां हैं? पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हाथी दांत तो बरामद नहीं किए, लेकिन भंडार गृह का टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया सरिया बरामद करने का दावा किया है। इस पूरे मामले में वन विभाग की कार्रवाई संदेह के घेरे में नजर आ रही है। गायब हाथी दांत कैसे चोरी हुआ, किसने चोरी किया, यह लंबी जांच का विषय है, लेकिन इस मामले को शांत करने के लिए फिलहाल एक लकड़ी चोर को वन विभाग ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार, लैंसडाउन वन प्रभाग कोटद्वार की तहरीर पर 1 नवंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने के कारण मामले को विवेचना के लिए कोटद्वार स्थानांतरित किया गया। इसके बाद 4 नवंबर को कोतवाली कोटद्वार में अभियोग पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू की भूमिका सामने आई। वन विभाग के जांच अधिकारी रजत कपिल, सब डिवीजन ऑफिसर लैंसडाउन वन प्रभाग द्वारा आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने लालढांग रेंज के भंडार गृह से हाथी दांत चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 10 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू (34), पुत्र रोशनद्दीन, निवासी गुर्जर बस्ती गैण्डीखाता, थाना श्यामपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।
हाथी दांत कहां गए, बड़ा सवाल बरकरार
इस मामले में पुलिस ने भंडार गृह का एक टूटा हुआ ताला और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया सरिया बरामद किया है। लेकिन चोरी हुए हाथी दांत अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने हाथी दांतों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी है और मामले की विवेचना जारी है। अन्य संलिप्त आरोपियों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अब देखना होगा कि पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम चोरी हुए हाथी दांतों को कब तक बरामद कर पाती है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों तक कब पहुंचती है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








दीपावली पर नवनिर्मित घाटों तक पहुंची गंगा की धारा, कुंभ-2027 की तैयारियों को मिला नया विस्तार 