कार्तिक पूर्णिमा स्नान: हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, सुरक्षा व्यवस्था संभालने सड़क पर उतरे एसपी सिटी, देखिए वीडियो

–ग्राउंड जीरो पर मातहतों के साथ मुस्तैद दिखे एसपी सिटी दीपक कुमार, जवानों का बढ़ाया हौसला
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान घाटों से लेकर हाईवे तक मोर्चा संभाले रहे।
इस दौरान एसपी सिटी दीपक कुमार खुद मातहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ग्राउंड जीरो पर नजर आए। उन्होंने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन का जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने पुलिसकर्मियों से श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने, भीड़ को नियंत्रित रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने ड्यूटी में तैनात जवानों का हौसला भी बढ़ाया और कहा कि स्नान पर्व के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी पुलिस के सामने बड़ी चुनौती रही। इसके मद्देनजर घाटों, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों और हाईवे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। पुलिस का फोकस केवल गंगा घाटों पर भीड़ नियंत्रित करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्नान के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने पर भी रहा।
हरिद्वार पुलिस की टीमें लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहीं। अधिकारियों ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









