होटल की एनओसी के नाम पर मांग रहा था 20 हजार की रिश्वत, 6 हजार लेते कोटद्वार अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

–कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को सतर्कता टीम ने दबोचा, शिकायतकर्ता से होटल की एनओसी जारी करने के एवज में मांगी थी रिश्वत

खबर डोज, कोटद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सतर्कता सेक्टर देहरादून की टीम ने कोटद्वार फायर स्टेशन में तैनात प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर लैंसडाउन, पौड़ी गढ़वाल स्थित एक होटल की एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता विभाग को शिकायत दी थी कि उसके लैंसडाउन स्थित होटल की एनओसी के लिए फायर स्टेशन कोटद्वार के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया मामला ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज कराया गया।

इसके बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बुधवार, 4 नवंबर 2026 को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी (लीडिंग फायरमैन) को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद सतर्कता विभाग की टीम आरोपी अधिकारी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। इस गिरफ्तारी के बाद सरकारी विभागों में एनओसी और अन्य अनुमतियों के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत मांगने के मामलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

You cannot copy content of this page