चिड़ियापुर में नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन, बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

–एसएसपी नवनीत सिंह ने पूजा-अर्चना के बाद किया लोकार्पण, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। थाना श्यामपुर क्षेत्र के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की मौजूदगी रही।

चिड़ियापुर पुलिस चौकी हाईवे पर स्थित होने और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटी होने के कारण सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में चौकी के नए भवन के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ने और आमजन को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

बॉर्डर पर अपराधियों की गतिविधियों पर रहेगी नजर
उद्घाटन के बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने नवनिर्मित चौकी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चौकी के प्रभावी संचालन से आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर नजर रखने और शातिर अपराधियों की घुसपैठ रोकने में मदद मिलेगी।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

स्थानीय लोगों में बढ़ेगा सुरक्षा का भरोसा
चिड़ियापुर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन को क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि चौकी के बेहतर संचालन से अपराध नियंत्रण, हाईवे पर यातायात प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता मिलने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी दीपक कुमार, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी सहित थाना श्यामपुर का पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






वाह: सिडकुल थाने का करने गए थे घेराव, उल्टा पुलिस ने ही कर दिया घेराव! पंकज बवाड़ी चार महीने के लिए जिला बदर 

