ऑपरेशन कालनेमि: हरिद्वार पुलिस ने 12 घंटे में खोला तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का राज, महिला समेत तीन गिरफ्तार, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के नेतृत्व में थाना श्यामपुर पुलिस ने तंत्र-मंत्र और धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का मात्र 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह की एक महिला सहित तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी गई रकम में से 4.55 लाख रुपये नकद, एक लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन और ठगी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी “AGHORA” नाम से यूट्यूब चैनल संचालित कर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड करते थे। इन वीडियो के माध्यम से वे लोगों की धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
थाना श्यामपुर पुलिस को 16 जुलाई 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के पास मन्नत ढाबा के निकट एंडेवर कार में सवार महिला और पुरुष एक व्यक्ति से 4.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर फरार हो गए हैं।
सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर सभी चेक पोस्ट और पिकेटों को अलर्ट कर दिया। अगले दिन 17 जुलाई को हरियाणा के सोनीपत निवासी पीड़ित विनोद कुमार की तहरीर पर थाना श्यामपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
यूट्यूब के जरिए फंसाते थे शिकार
जांच में सामने आया कि आरोपी “AGHORA” नामक यूट्यूब चैनल के जरिए तंत्र-मंत्र और कथित चमत्कारों का प्रचार करते थे। वीडियो देखकर प्रभावित लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और अन्य अंधविश्वास से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए उनसे संपर्क करते थे।
इसी तरह हरियाणा निवासी पीड़ित को चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के नाम पर बुलाया गया। आरोपियों ने पूजा का खर्च 4.60 लाख रुपये बताया और एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा। इसी दौरान पीड़ित से नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया और पूजा सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।
12 घंटे में पुलिस ने दबोचा गिरोह
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। बॉर्डर चेक पोस्टों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान माइनिंग चेक पोस्ट चिड़ियापुर के पास से दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
₹4,55,000 नकद
आईफोन 17 प्रो मैक्स
घटना में प्रयुक्त सफेद एंडेवर कार तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया मिट्टी का मटका, ढक्कन, पीला कपड़ा, रोली और कलावा बरामद किया है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों का विश्वास जीतते थे और धार्मिक आस्था व अंधविश्वास का फायदा उठाकर पूजा-पाठ एवं तंत्र-मंत्र के नाम पर लाखों रुपये और आभूषण ठग लेते थे। पुलिस को अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की घटनाओं में इनके शामिल होने के संकेत मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, निवासी बिजनौर (हाल निवासी देहरादून), मोन्टी जोशी, निवासी देहरादून तथा एक 31 वर्षीय महिला, मूल निवासी थलीसैंण (पौड़ी गढ़वाल) हाल निवासी तुनुवाला, देहरादून को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा या चमत्कार के नाम पर धन की मांग करने वाले तथाकथित तांत्रिकों, बाबाओं और सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। यदि कोई इस प्रकार की धोखाधड़ी करने का प्रयास करे तो तुरंत डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







