टिहरी पुलिस परिवार को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की नई सौगात, एसएसपी श्वेता चौबे ने किया चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में टिहरी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे ने गुरुवार को पुलिस लाइन चंबा परिसर में नवस्थापित चिकित्सा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस केंद्र के शुरू होने से पुलिस कर्मियों और उनके आश्रितों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब एक ही परिसर में सुलभ रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।

उद्घाटन अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य और कल्याण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे जनता की सुरक्षा और सेवा में जुटे रहते हैं, इसलिए उनके लिए गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस कल्याण केवल मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस लाइन चंबा में स्थापित यह चिकित्सा केंद्र पुलिस परिवारों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र और प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

इस दौरान एसएसपी ने चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिकित्सा केंद्र का संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जाए, आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह, क्षेत्राधिकारी टिहरी चंद्र मोहन सिंह, पुलिस उपाधीक्षक प्रशिक्षु आदित्य तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस लाइन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।
टिहरी पुलिस ने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य और बेहतर कार्य वातावरण के लिए विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी पुलिस वेलफेयर से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







