मिलावटी शराब बेचने वाली शंकर डेयरी आबकारी विभाग के कंट्रोल से बाहर? ज्वालापुर और कनखल के अवैध शराब काउंटरों पर किसका संरक्षण, कार्रवाई का इंतजार

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के तमाम दावों के बावजूद ज्वालापुर क्षेत्र समेत शंकर डेयरी, कनखल और शहर के कई हिस्सों में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर अवैध शराब के काउंटर बेखौफ संचालित हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार आबकारी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि ज्वालापुर क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध शराब का कारोबार लंबे समय से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन काउंटरों पर दिन-रात शराब की बिक्री होती है, जिससे क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं।
इससे पूर्व भी खबर डोज ने अवैध शराब के कारोबार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था और संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इसके बावजूद स्थिति में कोई विशेष बदलाव नजर नहीं आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध कारोबार और अधिक बढ़ सकता है।
क्षेत्र में चर्चा है कि कुछ शराब माफिया बेखौफ होकर अपना नेटवर्क चला रहे हैं। वहीं, कुछ स्थानीय सूत्रों का दावा है कि विभाग के एक कर्मचारी के संरक्षण की भी चर्चा क्षेत्र में है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और न ही इस संबंध में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध शराब के सभी ठिकानों पर नियमित छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि लगातार उठ रहे सवालों और शिकायतों के बाद आबकारी विभाग अवैध शराब के इस कथित नेटवर्क पर कब प्रभावी कार्रवाई करता है और हरिद्वार में अवैध शराब के कारोबार पर किस हद तक अंकुश लगा पाता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




श्यामपुर के पीली पड़ाव क्षेत्र में हाथी का हमला, 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत 

