कांगड़ी में श्यामपुर पुलिस ने दो किलो गांजा समेत गिरफ्तार किया तस्कर, देखिए वीडियो
–पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी दबोचा गया, 1210 छोटी पन्नियां और मोबाइल-नकदी भी मिली
खबर डोज, हरिद्वार। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने कांगड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गांजे की अवैध बिक्री करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो किलोग्राम गांजा, 1210 छोटी पन्नियां, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 12 सितंबर 2026 को कोतवाली श्यामपुर पुलिस टीम कांगड़ी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से दो किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही एक ओप्पो मोबाइल फोन और 600 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजे की बिक्री में इस्तेमाल होने वाली 1210 छोटी पन्नियां बरामद हुईं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजे को छोटी-छोटी पन्नियों में भरकर बेचता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी कांगड़ी क्षेत्र में नशे के कारोबार को संचालित कर रहा था। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा पुत्र ब्रह्मदेव सैनी, निवासी ग्राम सरवारा अरोय, थाना कंसी सिमड़ी, जनपद दरभंगा, बिहार, हाल निवासी गली नंबर-3, कांगड़ी, थाना श्यामपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चंडीघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर, कांस्टेबल राहुल देव, कांस्टेबल विनीत और कांस्टेबल अनिल रावत शामिल रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







