लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से हरिद्वार जेल के वरिष्ठ अधीक्षक को धमकी, सिडकुल पुलिस ने दर्ज किया मामला, देखिए वीडियो

–फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए मिल रही थी धमकी, महिला बंदी के पति पर आरोप
खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लगातार फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के माध्यम से धमकियां दी जा रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर सिडकुल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को कुछ समय से लगातार धमकी भरे फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेश प्राप्त हो रहे थे। कथित तौर पर धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा किया। लगातार मिल रही धमकियों के चलते जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।
इस मामले में एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्डा पर धमकी देने का आरोप सामने आया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक की ओर से इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को दर्ज करते हुए धमकी भरे कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों की जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने बातचीत में बताया कि उन्हें लगातार मैसेज और फोन कॉल के माध्यम से धमकियां मिल रही थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
अब सिडकुल पुलिस धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल, व्हाट्सऐप संदेश और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या फिर गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर जेल अधीक्षक को डराने का प्रयास किया गया।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता और आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले को लेकर जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें




कांगड़ी में श्यामपुर पुलिस ने दो किलो गांजा समेत गिरफ्तार किया तस्कर, देखिए वीडियो 

