विधानसभा अध्यक्ष ने जगद्गुरु से हरिद्वार में मांगा कोटद्वार को आपदा से उबारने का आशीर्वाद

ख़बर शेयर करें -

कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी शुक्रवार को हरिद्वार पहुंची। उन्होंने दक्षिण काली मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक किया और जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम से आशीर्वाद प्राप्त किया। जगद्गुरु को उन्होंने आपदा काल में हुई तबाही के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संतों के आशीर्वाद से सरकार किसी भी आपदा को चुनौती मानकर निपटने में तत्पर है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि धर्म और आस्था के बलबूते तमाम चुनौतियों को देवभूमि ने स्वीकार्य किया। आगे भी उन्हें पूरी उम्मीद है कि सरकार किसी भी हाल में तत्परता से कार्य करने में जुटी रहेगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संत कृपा बनी रहे इसके लिए वह हरिद्वार समय-समय पर आकर वह राज्य के कल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त करती हैं। उन्होंने कहा कि केवल उत्तराखंड ही नहीं देश के कई हिस्सों में आपदा के चलते सरकार के सामने चुनौती आई। मां यमुना ने भी इस बार अपना विस्तार किया, हालत यह है कि लाल किले तक नदी का फैलाव देखा गया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में जिस तरह हम आपदा से जूझ रहे हैं उम्मीद है जल्द सभी कुछ सुधार लिया जाएगा। हरिद्वार में मां मनसा देवी और चंडी देवी की पहाड़ पर हुए भूस्खलन के संबंध में उन्होंने कहा कि जल्द ही तकनीकि और संसाधनों के जरिए हालात सामान्य कर लिया जाएगा। किसी प्रकार की क्षति धार्मिक स्थल को नहीं होने दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने दक्षिण काली पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद के विशेष अनुष्ठान में शामिल होकर शिव आराधना की। उन्होंने भगवान शिव का जलाभिषेक कर राज्य की सुख और शांति की कामना की।

You cannot copy content of this page