तमंचे के दम पर हुई लूट का एसएसपी ने किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी और हथियार बरामद

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तमंचे के बल पर की गई लूट की घटना का सफल खुलासा कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स, नकदी, देशी तमंचा, जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 की रात सिडकुल से घर लौट रहे सौरभ सती निवासी ब्रज विहार कॉलोनी, सीतापुर को चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास चार स्कूटी सवार युवकों ने रोक लिया था। आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उसे डराया-धमकाया और उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन, पर्स तथा 5 हजार रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए थे। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली रानीपुर और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को पता चला कि आरोपी वारदात के दौरान मुख्य मार्गों के बजाय गली-मोहल्लों के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका मजबूत हुई।
31 मई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोक लिया। जांच में स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। इंजन और चेसिस नंबर मिलान करने पर पुष्टि हुई कि यह वही स्कूटी थी जिसे लूटा गया था। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का आईक्यूओ मोबाइल फोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 2 हजार रुपये नकद, एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक सैनी निवासी ऋषिकुल, शिवांश उर्फ विलन निवासी वेद सिटी अहमदपुर ग्रांट, लक्की निवासी सिया कॉलोनी राजा गार्डन कनखल और वंश चंचल निवासी राजू नगर बस अड्डा क्षेत्र के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई गई है।
पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बरामद हथियारों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी नवनीत सिंह ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







