हरिद्वार में बड़ा सड़क हादसा: राजस्थान के श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, एक महिला की मौत, 38 घायल, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। हरिद्वार में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पूर्णिमा स्नान कर राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस को हाईवे पर पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के नागौर जिले के 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे और भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। श्रद्धालुओं के लिए कुल तीन बसों की व्यवस्था की गई थी। सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे बस संख्या AR06-C-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी।
इसी दौरान देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रहे डंपर संख्या UK08-CB-8077 ने बस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और सप्तऋषि चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए सभी घायलों को तत्काल जिला मेला अस्पताल और महिला अस्पताल हरिद्वार पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार हादसे में 30 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बालिकाएं सहित कुल 38 लोग घायल हुए हैं, जबकि एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में रखवाया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायलों का उपचार जारी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







