टिहरी पुलिस का नशे के सौदागरों पर प्रहार, 374 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार, देखिए वीडियो

खबर डोज, टिहरी गढ़वाल। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घनसाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक स्कूटी की डिग्गी से 374 ग्राम अवैध चरस बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना घनसाली पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, 30 अगस्त 2026 को घनसाली पुलिस टीम चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर जंगलात नर्सरी के पास गश्त एवं संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक स्कूटी संदिग्ध दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसकी डिग्गी से 374 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
बरामदगी के बाद पुलिस ने स्कूटी सवार मोर सिंह पुत्र कौर सिंह, निवासी ग्राम रतोली अनेठी, पोस्ट खण्डोगी, तहसील जाखणीधार, थाना हिंडोलाखाल, जनपद टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मादक पदार्थ के परिवहन में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की स्कूटी संख्या UK 07 DG 6987 को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना घनसाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपी से चरस की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश बल्लभ, उप निरीक्षक संजीत कुमार, अपर उप निरीक्षक शशिकांत, हेड कांस्टेबल भास्कर नेगी और महिला कांस्टेबल शशि दोई शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







