पौड़ी जिले में थम गए तबादला एक्सप्रेस के पहिए! प्रदेशभर में दौड़ रही तबादला एक्सप्रेस, यहां एक ही थाने में कई वर्षों से जमे हैं कई पुलिसकर्मी

खबर डोज, कोटद्वार। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर उत्तराखंड पुलिस महकमे में इन दिनों बड़े स्तर पर तबादलों का दौर चल रहा है। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं मंडल तक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तबादला एक्सप्रेस तेजी से दौड़ रही है। देहरादून, ऊधमसिंह नगर और कुमाऊं मंडल में तबादला सूचियां जारी हो चुकी हैं, लेकिन पौड़ी गढ़वाल जिले में अभी तक तबादलों को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। ऐसा लग रहा है मानो पौड़ी जिले में तबादला एक्सप्रेस के पहिए थम गए हों।
हैरानी की बात यह है कि जिले के कई थानों में पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं। वहीं, कुछ पुलिसकर्मी ऐसे भी बताए जा रहे हैं, जो कुछ समय के लिए दूसरे थाने में तैनाती लेकर समय पूरा करने के बाद दोबारा उसी थाने में पहुंच जाते हैं। ऐसे में स्थानांतरण की प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए निर्वाचन आयोग की स्थानांतरण नीति के तहत लंबे समय से एक ही जनपद या स्थान पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाने की प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश के अन्य जिलों में इसी आधार पर बड़े पैमाने पर फेरबदल देखने को मिल रहा है। लेकिन पौड़ी जिले में अब तक तबादला सूची जारी नहीं होने से पुलिस महकमे के भीतर भी चर्चाएं तेज हैं।
सवाल यह है कि जब प्रदेश के अन्य जिलों में चुनाव से पहले तबादलों को लेकर तेजी दिखाई जा रही है तो पौड़ी जिले में देरी क्यों? क्या जिले में लंबे समय से एक ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों की सूची तैयार नहीं हुई है या फिर कुछ कर्मचारियों को बार-बार मनचाही तैनाती मिल रही है?
पुलिस महकमे में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जरूरी है कि तबादला प्रक्रिया समान नियमों के तहत लागू हो। अब देखना होगा कि पौड़ी पुलिस के उच्चाधिकारी कब तबादला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हैं और लंबे समय से एक ही थाने में जमे पुलिसकर्मियों का नंबर कब आता है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









