कौन है सुधीर तस्कर, अभी तक क्या हुई कार्रवाई, किसके संरक्षण में चल रहा कारोबार, जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल

खबर डोज, हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा अवैध शराब से लदी स्कूटी पकड़े जाने के बाद सामने आए एक नाम ने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया है। लोगों के मुताबिक, पकड़े गए युवक से जब शराब तस्कर का नाम पूछा गया तो उसने सुधीर नाम बताया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। हालांकि, सामने आए नाम और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि ज्वालापुर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को लेकर खबर डोज ने पहले भी प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई किए जाने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर अवैध शराब लेकर जा रही एक स्कूटी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय टीम के पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई अवैध शराब और वाहन को पुलिस के सुपुर्द किया जा चुका था।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस पूरे मामले में सामने आए ‘सुधीर’ नाम के व्यक्ति की पहचान कौन है और क्या उसकी भूमिका अवैध शराब के कारोबार में है? यदि पुलिस या आबकारी विभाग के पास मामले से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध हैं तो अब तक क्या कार्रवाई की गई? क्या संबंधित व्यक्ति से पूछताछ हुई और अवैध शराब के स्रोत तक पहुंचने के लिए कोई जांच शुरू की गई?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है। ऐसे में जिम्मेदार विभागों की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई पर लोगों की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ी गई शराब के मामले में पुलिस तथा आबकारी विभाग आगे क्या कदम उठाते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







