हरिद्वार में डेंगू पर स्वास्थ्य विभाग की कड़ी निगरानी, अब तक एक भी मरीज नहीं मिला पॉजिटिव

ख़बर शेयर करें -

70 हजार से अधिक घरों का सोर्स रिडेक्शन सर्वे, 1.91 लाख से ज्यादा कंटेनरों की जांच

खबर डोज, हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है। 4 अगस्त 2026 की डेंगू क्लीनिकल एवं एंटी-डेंगू एक्टिविटी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक डेंगू का एक भी पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को 52 रैपिड डेंगू टेस्ट किए गए, जबकि अब तक कुल 190 रैपिड टेस्ट और 2 एलाइजा (ELISA) टेस्ट किए जा चुके हैं। सभी जांचों में अब तक कोई भी मरीज डेंगू पॉजिटिव नहीं मिला।

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार घर-घर (सोर्स रिडेक्शन) सर्वे कर रही हैं। मंगलवार को 1,389 घरों का निरीक्षण किया गया, जिससे अब तक सर्वे किए गए घरों की संख्या बढ़कर 70,121 हो गई है।

सोर्स रिडेक्शन सर्वे के दौरान मंगलवार को 18 घरों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिला, जबकि अब तक 355 घरों में लार्वा मिलने की पुष्टि हुई है।

इसके अलावा मंगलवार को 5,705 पानी के कंटेनरों की जांच की गई। अब तक कुल 1,91,916 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 419 कंटेनरों में लार्वा पाया गया। मंगलवार को अकेले 21 कंटेनरों में लार्वा मिला।

जिला मलेरिया अधिकारी हरिद्वार इंद्रपाल सिंह ने बताया कि लगातार निगरानी, सर्विलांस और स्रोत नष्ट करने की कार्रवाई के चलते जिले में डेंगू की स्थिति नियंत्रण में है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, गमले और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें तथा डेंगू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।

You cannot copy content of this page