14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी उत्तरांचल पंजाबी महासभा, पूर्वजों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा, उत्तराखंड की ओर से आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन प्रेम नगर आश्रम, रानीपुर मोड़, हरिद्वार में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारत विभाजन की त्रासदी को स्मरण करना, विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लाखों लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा नई पीढ़ी को इतिहास से अवगत कराना है।

प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष करन मल्होत्रा ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उन लाखों परिवारों के दर्द, संघर्ष और बलिदान को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने देश के विभाजन की पीड़ा झेली। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा।

महासभा के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन 14 अगस्त को सुबह 10:30 बजे प्रेम नगर आश्रम, रानीपुर मोड़, हरिद्वार में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा पूजन एवं दीपदान से किया जाएगा। इसके बाद विभाजन के दौरान शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि एवं अरदास अर्पित की जाएगी। आयोजन स्थल पर विभाजन विभीषिका से जुड़ी दुर्लभ तस्वीरों और दस्तावेजों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा स्मृति पटल पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रमुख गुरुद्वारों की झांकियां, विभाजन के प्रत्यक्षदर्शी एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा लंगर-भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। महासभा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए इतिहास की उन घटनाओं को स्मरण करना है, जिन्होंने देश को गहराई से प्रभावित किया।

पत्रकार वार्ता में महासभा की कोर कमेटी के सदस्य सुनील अरोड़ा ने कहा कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। आयोजन संत महामंडलेश्वर श्री धर्मदेव जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। सदस्य सुनील अरोड़ा ने कहा कि हरिद्वार सहित प्रदेशभर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर विभाजन की पीड़ा को स्मरण करने, पूर्वजों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रीय एकता का संदेश मजबूत करने की अपील की।

पत्रकार वार्ता में उत्तरांचल पंजाबी महासभा ने आयोजन समिति और पदाधिकारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि मार्गदर्शक मंडल में करण मल्होत्रा, राजकुमार अरोड़ा, जगदीश लाल पाहवा, नीरज कुमार, अनिल कुमार कुमार, सुरेश कंवर, विमलेश आहूजा, संजय सहगल, विमल कुमार, परमानन्द पोपली, अनिल अरोड़ा, अन्नू कक्कड़, सुरेश गुलाटी, सुनील अरोड़ा, अमर कुमार और किशोर अरोड़ा शामिल हैं।

You cannot copy content of this page