उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसें शामिल, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया फ्लैग ऑफ

खबर डोज, देहरादून। नववर्ष के अवसर पर उत्तराखंड के सार्वजनिक परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में शामिल की गई 100 नई बसों को फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर 10 एसी एवं 2 स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम की स्मारिका “अनवरत” तथा सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले परिवहन निगम के कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ये नई बसें राज्य के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएंगी। इससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं राज्य की आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि पर्वतीय एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में एक सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था न केवल नागरिक सुविधा बल्कि आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार परिवहन निगम को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। अब तक 13 से अधिक नए बस अड्डों एवं कार्यशालाओं का निर्माण पूरा किया जा चुका है, जबकि 14 अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिनमें 4 आईएसबीटी भी शामिल हैं। आने वाले समय में निगम के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे, ई-टिकटिंग, फ्लीट मॉनिटरिंग और समयबद्ध मेंटेनेंस जैसी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रियों के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा भी और मजबूत होगी। सरकार ने निगम कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डीए वृद्धि, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन तथा नई भर्तियों के माध्यम से मैनपावर की कमी को दूर करने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार परिवहन निगम को केवल एक परिवहन संस्था नहीं, बल्कि “सेवा का माध्यम” मानते हुए इसे आधुनिक, आत्मनिर्भर और जनोन्मुखी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शी नीतियों और जवाबदेही के साथ उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, परिवहन निगम की एमडी एवं अपर सचिव रीना जोशी तथा परिवहन विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







कालागढ़ में दर्दनाक हादसा: बाथरूम में करंट लगने से सिंचाई विभाग के जेई अनिल कुमार की मौत 

