हरिद्वार में नमामि गंगे घाट पर पंचतत्व में विलीन हुईं योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी, सीएम धामी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

–छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने दी मुखाग्नि, अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा संतों, नेताओं और गणमान्य लोगों का हुजूम
खबर डोज, हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच पंचतत्व में विलीन हो गईं। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्में पूरी कीं। इस दौरान देशभर से पहुंचे राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक जगत की हस्तियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी नमामि गंगे घाट पहुंचे और स्वर्गीय सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। सीएम धामी ने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

अंतिम संस्कार में संत समाज की ओर से योगऋषि स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य प्रमोद कृष्णम, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि सहित अनेक संत-महात्माओं ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

राजनीतिक जगत से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह सहित उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर सांसद रवि किशन, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं प्रेमचंद अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर समेत प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
नमामि गंगे घाट पर अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। राजनीतिक दलों के नेताओं से लेकर संत-महात्माओं और आमजन तक सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









