हरिद्वार में IB के SP पर चालक ने चलाई गोली, माथे के पास से निकली गोली, आरोपी हिरासत में

ख़बर शेयर करें -

–कनखल स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में वारदात से मचा हड़कंप, अधिकारी और चालक के बीच चल रही थी अनबन, पुलिस जांच में जुटी

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कनखल थाना क्षेत्र स्थित इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के क्षेत्रीय कार्यालय में तैनात एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने कथित तौर पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई। घटना में उनके घायल होने की सूचना है। वारदात के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसपी सीपी नौटियाल और उनके चालक के बीच पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी नाराजगी के चलते चालक ने कथित तौर पर एसपी पर गोली चला दी। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल अधिकारी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आखिर चालक ने अपने ही अधिकारी पर गोली क्यों चलाई? क्या इसके पीछे व्यक्तिगत रंजिश थी या फिर कार्यालय से जुड़ा कोई विवाद? पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

गौरतलब है कि शनिवार को ही हरिद्वार के नमामि गंगे घाट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माताजी सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से कई मंत्री, विधायक, सांसद तथा संत-महात्मा हरिद्वार पहुंचे थे। शहर में वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के बीच आईबी के वरिष्ठ अधिकारी पर गोली चलने की घटना ने सुरक्षा महकमे को भी सतर्क कर दिया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण एजेंसी के क्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारी पर उनके ही चालक द्वारा गोली चलाने की नौबत आखिर क्यों आई? फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

You cannot copy content of this page