वन विभाग कार्यालय में कथित अवैध वसूली! प्रधान सहायक का पैसे लेते वीडियो वायरल, विभाग में मचा हड़कंप, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, रुड़की। रुड़की में वन विभाग कार्यालय से कथित अवैध वसूली का मामला सामने आने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। वन विभाग के एक प्रधान सहायक का अलग-अलग लोगों से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मामला विभागीय अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में वन विभाग कार्यालय में तैनात प्रधान सहायक अलग-अलग लोगों से रकम लेते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो में ली जा रही रकम किस काम के बदले दी जा रही है और इसके पीछे क्या वजह है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों की भी जांच की जानी बाकी है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ ने प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि आखिर वन विभाग कार्यालय में लोगों से रकम लेने के पीछे क्या वजह थी? क्या यह किसी सरकारी कार्य की निर्धारित फीस थी या फिर सरकारी कार्यालय में अवैध वसूली का खेल चल रहा था? जांच में इन सभी पहलुओं को स्पष्ट करना होगा।

फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी। लेकिन वायरल वीडियो ने वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं जरूर तेज कर दी हैं।

हरिद्वार वन प्रभाग के डीएफओ स्वपनिल अनिरुद्ध के मुताबिक मामला संज्ञान आने के बाद प्रधान सहायक को निलंबित कर दिया गया है।

You cannot copy content of this page