गुजरात सड़क हादसे में कोटद्वार निवासी एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत, तीन मासूम भी शामिल, सैन्य परिवारों में पसरा मातम

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। गुजरात के भुज–खावड़ा हाईवे पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार क्षेत्र के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन सैन्यकर्मी, उनकी पत्नियां और मासूम बच्चियां शामिल हैं। हादसे में महज तीन माह की एक बच्ची और चार साल की मासूम ने भी दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में सात जिंदगियां खत्म होने की खबर से कोटद्वार में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग गुजरात के कच्छ स्थित रण ऑफ कच्छ घूमने के बाद भुज की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वेकारिया रण के पास उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सातों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और सेना के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (31) और तीन माह की बेटी शिविका के रूप में हुई है। तीनों ध्रुव विहार, कोटद्वार के निवासी थे।

इसके अलावा नायक नितिन गोसाईं की पत्नी रिंकी गोसाईं (32) और चार वर्षीय बेटी वामिका की भी हादसे में मौत हो गई। दोनों मोटाढाक, शाह चक्की के पास कोटद्वार की रहने वाली थीं।

वहीं, नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता ने भी इस दर्दनाक हादसे में जान गंवा दी। दोनों सिंबलचौड़, आदर्श स्कूल वाली गली, कोटद्वार के निवासी थे।

बताया जा रहा है कि मृतकों का संबंध गुजरात के भुज में तैनात द्वितीय बटालियन गढ़वाल राइफल्स के सैन्य परिवारों से है। तीन सैन्यकर्मियों के परिवारों पर एक साथ टूटा दुखों का पहाड़ पूरे क्षेत्र को झकझोर गया है।

स्थानीय जानकारी के अनुसार, सभी सातों मृतकों के शव रविवार रात करीब नौ बजे तक कोटद्वार स्थित उनके घर पहुंचने की संभावना है। हालांकि, अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जाएगा या कोटद्वार के मुक्तिधाम में, इसे लेकर अभी निर्णय नहीं हुआ है।

गुजरात में हुए इस हादसे ने कोटद्वार के तीन परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है। जिन घरों में खुशियां थीं, वहां अब अपनों के इंतजार में मातम पसरा है। तीन मासूमों की मौत ने इस हादसे को और भी हृदयविदारक बना दिया है।

You cannot copy content of this page