भाजपा के 40 स्टार प्रचारक उत्तराखंड में गर्माएंगे चुनावी माहौल, पीएम मोदी से लेकर इनके नाम प्रमुख प्रचारकों में शामिल

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में प्रथम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव में स्टार वार के लिए भाजपा तैयार है। इस कड़ी में पार्टी ने चुनाव प्रचार के दृष्टिगत राज्य में विभिन्न वर्गों को साधने के हिसाब से 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत सात केंद्रीय मंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हैं।

बीजेपी के स्टार प्रचारकों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, धामी मंत्रिमंडल के सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता शामिल हैं।
आने वाले दिनों में ये सभी राजनीति के अहम चेहरे उत्तराखंड में चुनावी माहौल को गर्माएंगे। भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व ने हाल में राज्य में अपेक्षित स्टार प्रचारक नेताओं की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी थी। निर्वाचन आयोग से हरी झंडी मिलने के बाद बुधवार को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने राज्य के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। इसके माध्यम से पार्टी ने राज्य में सामाजिक, भौगोलिक समीकरणों को भी साधने का प्रयास किया है
गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की भी राज्य में कम से कम चार-चार सभाएं हो सकती हैं। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह की भी सभाएं रखी गई हैं। रक्षा मंत्री और जनरल वीके सिंह की सभाओं के पीछे पार्टी की मंशा सैनिक बहुल उत्तराखंड के यहां के सैनिक परिवारों को साधने की है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पार्टी के स्टार प्रचारक हैं, उनके माध्यम से युवाओं, संतों को साधने का प्रयास रहेगा। इसी तरह नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट के अंतर्गत बंगाली समुदाय को अपने पक्ष में करने के दृष्टिगत बंगाल के सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर को मोर्चे पर लगाया जाएगा।
साथ ही सिख मतदाताओं तक पैठ बनाने को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली के पूर्व विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा को पार्टी मोर्चे पर लगाएगी। मातृशक्ति को साधने के लिए स्मृति ईरानी व सांसद हेमा मालिनी की विभिन्न स्थानों पर सभाएं प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मुख्यमंत्री धामी व उनकी कैबिनेट के सदस्यों की सभाएं भी पार्टी निर्धारित करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, जनरल वीके सिंह, शांतनु ठाकुर व अजय भट्ट, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम, उत्तराखंड के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, उत्तराखंड के महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, खिलेंद्र चौधरी व राजेंद्र बिष्ट, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हैं।

इसके अलावा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत व विजय बहुगुणा, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, अनिल बलूनी व डा कल्पना सैनी, सांसद हेमा मालिनी व मनोज तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, धामी मंत्रिमंडल के सदस्य सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्या व सौरभ बहुगुुणा, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव दीप्ति रावत व उत्तराखंड की अध्यक्ष आशा नौटियाल शामिल हैं।
भाजपा अब अपने स्टार प्रचारकों की सभाओं का कार्यक्रम तय करने में जुट गई है। इसी कड़ी में पहली सभा दो अप्रैल को हरिद्वार के भगवानपुर में होगी, जिसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार भगवानपुर में 11 बजे सभा को संबोधित करने के बाद केंद्रीय मंत्री शाह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के दौरे पर रवाना होंगे। इसके अलावा चार अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अल्मोड़ा संसदीय सीट के अंतर्गत भिकियासैंण में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार इन दोनों नेताओं के कार्यक्रम फाइनल हो गए हैं। इसके अलावा छह अथवा सात अप्रैल को रक्षा मंत्री की राज्य में सभाएं प्रस्तावित हैं।

You cannot copy content of this page