अजनबी ने की रिटायर्ड एयरफोर्स सैनिक की हत्या, नहर पटरी की घटना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

खबर डोज, हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के नहर पटरी मार्ग पर शनिवार देर रात हुए सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त सैनिक भगवान सिंह (62) की लिफ्ट देकर एक युवक ने नजदीक से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कनखल के जमालपुर कला निवासी भगवान सिंह वर्ष 2013 में एयरफोर्स से सेवानिवृत्त हुए थे। शनिवार रात वह अपने बेटे यशपाल के साथ कार से रोशनाबाद स्थित एक विवाह समारोह में जा रहे थे। जटवाड़ा पुल के पास एक अज्ञात युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी, जिस पर पिता-पुत्र ने उसे साथ बैठा लिया।
कुछ ही दूरी तय करने के बाद आरोपी युवक ने अचानक भगवान सिंह की कनपटी पर पिस्टल से गोली दाग दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली लगते ही वाहन अनियंत्रित हो गया और घायल भगवान सिंह सीट पर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जॉली ग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन उपचार के दौरान देर रात भगवान सिंह ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बहादराबाद थाना पुलिस इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टीमों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया है और फरार युवक की शिद्दत से तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश और चिंता का माहौल है। सेवानिवृत्त सैनिक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना का पूरा मकसद स्पष्ट किया जाएगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






पौड़ी जिले में गुलदार का रेस्क्यू बना चुनौती, हमले में दो वनकर्मी घायल 
