कनखल की गलियों में अवैध शराब का कारोबार, पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

ख़बर शेयर करें -

–रिहायशी इलाकों में खुलेआम बिक रही शराब, क्या जिम्मेदार अधिकारियों को नहीं है जानकारी या कार्रवाई से बच रहे हैं?

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। क्षेत्र की गली-मोहल्लों में कथित तौर पर शराब की बिक्री होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि पुलिस और आबकारी विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। आखिर सवाल यह है कि जब गली-मोहल्लों तक अवैध शराब पहुंच रही है तो जिम्मेदार विभागों की निगरानी व्यवस्था कहां है?

कनखल क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं और शिकायतें उठ रही हैं। रिहायशी इलाकों में शराब की कथित बिक्री से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इसके बावजूद पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या संबंधित थानों की पुलिस को अपने क्षेत्र में चल रहे इस कारोबार की जानकारी नहीं है? क्या आबकारी विभाग केवल कागजों में छापेमारी और कार्रवाई का रिकॉर्ड तैयार करने तक सीमित रह गया है?

आखिर अवैध शराब बेचने वालों तक शराब की खेप कैसे पहुंच रही है? कौन लोग इस कारोबार को संचालित कर रहे हैं? क्या पुलिस और आबकारी विभाग के बीच समन्वय की कमी है या फिर जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेने को तैयार नहीं हैं?

धर्मनगरी में शराब की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाना पुलिस और आबकारी विभाग दोनों की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद यदि गलियों में यह कारोबार संचालित होने की शिकायतें मिल रही हैं तो यह दोनों विभागों की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस आखिर किस बात का इंतजार कर रही है? क्या किसी बड़ी घटना के बाद ही अधिकारियों की नींद खुलेगी?

अब जरूरत केवल औपचारिक कार्रवाई की नहीं, बल्कि कनखल के संदिग्ध ठिकानों पर संयुक्त छापेमारी, अवैध शराब के सप्लायरों की पहचान और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की है। वरना सवाल उठता रहेगा कि धर्मनगरी की गलियों में अवैध शराब का कारोबार चल रहा है और पुलिस-आबकारी विभाग आखिर कर क्या रहे हैं?

You cannot copy content of this page