कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर प्रशासन अलर्ट, सीसीटीवी कैमरों से हरकी पैड़ी से लेकर घाटों तक निगरानी, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप और डीएम मयूर दीक्षित पहुंचे मेला कंट्रोल रूम

–जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए सतर्क रहने के निर्देश
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों और प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा भीड़ के दबाव का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से अलग-अलग क्षेत्रों की स्थिति, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी घाट या मार्ग पर श्रद्धालुओं का अनावश्यक दबाव न बढ़े। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रखने और स्थिति बिगड़ने से पहले आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल निर्धारित ड्यूटी स्थल तक सीमित न रहें, बल्कि घाटों और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करें। पुलिस और अन्य विभागीय अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने कंट्रोल रूम को प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। प्रशासन का विशेष जोर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने, घाटों पर सुरक्षा बनाए रखने और स्नान के बाद उनके सुगम आवागमन पर रहा।
कार्तिक पूर्णिमा जैसे बड़े स्नान पर्व पर प्रशासनिक निगरानी और विभागीय समन्वय की परीक्षा भी होती है। ऐसे में अधिकारियों ने व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









