हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान ड्यूटी पर तैनात दरोगा त्यागी महिला ने मारा थप्पड़, खुद को मेजर बताकर बैरिकेडिंग तोड़ने का आरोप, मामला दर्ज

–सिंहद्वार पर ड्यूटी के दौरान हुआ विवाद, महिला और वाहन चालक पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारने का आरोप, पुलिस को दी घटना की वीडियो फुटेज
खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर यातायात व्यवस्था संभालने में जुटे पुलिसकर्मियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सिंहद्वार चौक पर ड्यूटी के दौरान एक यातायात पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली की ओर से आ रहे एक वाहन में सवार चालक ने खुद को मेजर बताते हुए यातायात नियमों की अनदेखी की और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर चालक और उसके साथ मौजूद महिला ने पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
कनखल एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के मद्देनजर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सिंहद्वार पर बैरागी कैंप की ओर जाने वाले यातायात को डायवर्ट करने के लिए अपर उप निरीक्षक नवनीत त्यागी की ड्यूटी लगाई गई थी। सुबह करीब 10 बजे दिल्ली की ओर से हरियाणा नंबर HR 26 GD 4715 का वाहन बैरागी कैंप की ओर जाने का प्रयास करने लगा। आरोप है कि वाहन चालक ने खुद को मेजर बताते हुए बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
शिकायत के अनुसार, पुलिसकर्मी ने वाहन चालक को यातायात नियमों का पालन करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन में बैठी महिला और चालक गाली-गलौज करने लगे। बाद में वाहन से उतरकर दोनों ने पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। आरोप है कि महिला ने थप्पड़ मारा, जबकि उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को धमकाया और ड्यूटी करने से रोकने का प्रयास किया।
अपर उप निरीक्षक नवनीत त्यागी ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के दौरान आरोपितों ने उन्हें डराया-धमकाया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। उन्होंने घटना की वीडियो फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध होने की बात कही है।
मामले में कोतवाली कनखल में शिकायत दर्ज कराई गई है। एफआईआर में अज्ञात आरोपी का उल्लेख है और जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक उमेश कुमार को सौंपी गई है।
अब पुलिस जांच में घटना की वीडियो फुटेज, वाहन की पहचान और आरोपों की सत्यता महत्वपूर्ण होगी। सवाल यह भी है कि स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार करने वालों पर क्या कार्रवाई होती है?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









