सुर्खियों में धर्मनगरी, मैदान से पहाड़ी जनपदों में जाने से बच रहे पुलिस अधिकारी, अब शाखाओं में तैनाती की जुगत में लगे अधिकारी! क्या चुनाव आयोग लेगा संज्ञान?

–तबादलों के बाद भी पहाड़ चढ़ने को तैयार नहीं अधिकारी, पुलिस विभाग में पारदर्शिता पर उठे सवाल
खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड पुलिस विभाग में तबादलों को लेकर एक बार फिर पारदर्शिता और समान अवसर की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव आयोग की गाइडलाइन के तहत लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को स्थानांतरित किया जा रहा है, लेकिन इस प्रक्रिया के बीच कुछ धर्मनगरी में अधिकारियों की पसंद और तैनाती को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सवाल यह है कि क्या तबादले का मतलब केवल एक मैदानी जनपद से दूसरे मैदानी जनपद में जाना है? क्या पहाड़ी जनपदों में तैनाती से बचने के लिए अधिकारी अब पुलिस की विभिन्न शाखाओं में पोस्टिंग तलाश रहे हैं? आखिर ऐसी कौन सी व्यवस्था है, जहां तबादला होने के बावजूद कुछ अधिकारी अपनी पसंद की तैनाती पाने में सफल हो जाते हैं और पहाड़ी जनपदों में तैनात पुलिसकर्मियों को मैदानी क्षेत्रों में आने का अवसर नहीं मिल पाता?
प्रदेश में पुलिस विभाग के भीतर लंबे समय से मैदानी और पहाड़ी जनपदों में तैनाती को लेकर असमानता की चर्चाएं होती रही हैं। पहाड़ी जिलों में सेवाएं दे रहे कई अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में तैनाती की प्रतीक्षा करते हैं, वहीं दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में कार्यरत अधिकारियों की पहाड़ों में तैनाती को लेकर अनिच्छा के सवाल भी उठते रहे हैं।
ऐसे में पुलिस विभाग की तबादला नीति पर सवाल उठना लाजिमी है। यदि चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए तबादले किए जा रहे हैं तो फिर सभी अधिकारियों पर समान नियम लागू क्यों नहीं होने चाहिए?
क्या चुनाव आयोग इस पूरी प्रक्रिया का संज्ञान लेकर तैनाती और तबादलों की समीक्षा करेगा? क्या पुलिस मुख्यालय यह स्पष्ट करेगा कि शाखाओं में तैनाती किन मानकों और आधार पर दी जाएगी?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि उत्तराखंड पुलिस में तबादलों की व्यवस्था वास्तव में पारदर्शी कब बनेगी, जहां पहाड़ और मैदान के अधिकारियों को समान अवसर मिल सके?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें






कनखल की गलियों में अवैध शराब का कारोबार, पुलिस और आबकारी विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल 

