उधमसिंहनगर में दरोगाओं की डेट फिक्स, पौड़ी जिले में अभी इंतजार, आखिर कब चलेंगे तबादला एक्सप्रेस के पहिए?

–उधमसिंहनगर में 10 उपनिरीक्षकों को नए जनपदों से मिली तैनाती, 25 नवंबर तक कार्यमुक्त करने के निर्देश, पौड़ी में लंबे समय से जमे पुलिसकर्मियों पर कब होगा फैसला?
खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस विभाग में तबादलों का दौर जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और स्थानांतरण को लेकर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन पौड़ी जिले में अभी तक तबादलों की तारीख तय नहीं होने से सवाल खड़े होने लगे हैं। वहीं, उधमसिंहनगर में दरोगाओं के स्थानांतरण को लेकर बाकायदा तारीख निर्धारित कर दी गई है।

उधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 22 नवंबर 2026 को जारी आदेश में 10 उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण और नई तैनाती का उल्लेख किया गया है। इनमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जनपद से आए उपनिरीक्षक शामिल हैं। आदेश के मुताबिक संबंधित पुलिसकर्मियों को 25 नवंबर 2026 तक कार्यमुक्त किए जाने की तिथि निर्धारित की गई है।
आदेश में उपनिरीक्षकों को झनकइया, किच्छा, रुद्रपुर की आदर्श कॉलोनी चौकी, प्रतापपुर चौकी काशीपुर, कोतवाली काशीपुर, खटीमा, नानकमत्ता और जसपुर समेत विभिन्न स्थानों पर तैनाती दी गई है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्यमुक्ति और नई तैनाती की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लेकिन दूसरी ओर पौड़ी जिले में तबादलों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। जिले के कई थानों और कोतवालियों में लंबे समय से जमे पुलिसकर्मियों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। प्रदेश के अन्य जनपदों में जब तबादला एक्सप्रेस तेजी से दौड़ रही है तो पौड़ी में इसकी रफ्तार क्यों थमी हुई है?
सवाल यह भी है कि क्या पौड़ी पुलिस महकमे में लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात पुलिसकर्मियों के तबादलों के लिए भी कोई समयसीमा निर्धारित होगी या फिर यहां तबादलों का इंतजार यूं ही जारी रहेगा? आखिर पौड़ी जिले में तबादला एक्सप्रेस कब दौड़ेगी?

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें









