कांवड़ यात्रा 2026: व्यवस्थाओं का जायजा लेने हरिद्वार पहुंचे ADG कानून व्यवस्था, सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान का किया निरीक्षण

खबर डोज, हरिद्वार। कांवड़ यात्रा 2026 के अंतिम चरण में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरगेशन शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने कांवड़ मेले की सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले डॉ. वी. मुरगेशन ने सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और कांवड़ियों की आवाजाही का जायजा लिया। अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेने के साथ ही उन्होंने भीड़ प्रबंधन को लेकर जरूरी निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने ADG को वर्तमान में लागू ट्रैफिक प्लान, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं कांवड़ पटरी मार्ग की स्थिति, पार्किंग व्यवस्था और अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके कांवड़ियों की संख्या सहित मेले की समग्र व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
डॉ. वी. मुरगेशन ने एसएसपी हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव को निर्देशित किया कि डाक कांवड़ के दौरान वाहनों और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान को समयानुसार प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी सुनिश्चित करने और किसी भी स्थान पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बनने देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के अंतिम दौर में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ती है, ऐसे में पुलिस एवं प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







