आस्था का महाकुंभ: कांवड़ मेले के आठवें दिन 39.15 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर हुए रवाना, कुल संख्या 2.19 करोड़ के पार

खबर डोज, हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान आस्था का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। कांवड़ मेले के आठवें दिन गुरुवार को 39 लाख 15 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को पूरे दिन हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हरकी पैड़ी समेत प्रमुख घाटों और कांवड़ मार्गों पर शिवभक्तों की लंबी कतारें नजर आईं। प्रशासन और पुलिस ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखा।

जिला प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस, स्वास्थ्य, नगर निगम, परिवहन, अग्निशमन और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करें, पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग करें।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







