देहरादून के बाद हरिद्वार में परिवहन विभाग का बड़ा रात्रिकालीन अभियान, 97 वाहनों के चालान, 12 वाहन सीज, देखिए वीडियो

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, हरिद्वार। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद में परिवहन विभाग की ओर से विशेष रात्रिकालीन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून अनीता चमोला, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार नेहा झा, इंटरसेप्टर हरिद्वार वरुणा सैनी, टास्क फोर्स चिड़ियापुर भारत भूषण एवं टास्क फोर्स गोवर्धनपुर के प्रभारी मुकेश भारती के नेतृत्व में टीमों की ओर से संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर वाहनों की सघन जांच की गई। टीमों ने ओवरलोडिंग, बिना वैध परमिट एवं टैक्स के वाहन संचालन, फिटनेस मानकों का उल्लंघन, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में वाहन संचालन तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

संयुक्त प्रवर्तन अभियान के तहत अब तक कुल 97 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 12 वाहनों को सीज किया गया। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को मौके पर यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटनाओं में कमी लाने और अवैध एवं अनियमित वाहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी जनपदभर में ऐसे प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी वैध दस्तावेज अद्यतन रखें, फिटनेस एवं टैक्स संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण करें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

You cannot copy content of this page