जिला महिला अस्पताल हरिद्वार में गंदगी देख भड़के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, सीएमएस की लगाई जमकर फटकार, देखिए वीडियो

खबर डोज, हरिद्वार। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने सोमवार को हरिद्वार स्थित चैनराय जिला महिला चिकित्सालय का अचानक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया। अस्पताल में बदहाल सफाई व्यवस्था और अव्यवस्थित हालात देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री निजी कार्यक्रम के सिलसिले में हरिद्वार पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल का दौरा किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, रखरखाव में लापरवाही और मरीजों के लिए पर्याप्त सुविधाओं की कमी सामने आई। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिली, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जब अस्पतालों की जिम्मेदारी आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़ी है, तो फिर व्यवस्थाओं में इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश के सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों की सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अस्पतालों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में नियमित सफाई, बेहतर रखरखाव और मरीजों के लिए सुचारु व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी रही। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य अस्पतालों में भी इसी तरह के अचानक निरीक्षण किए जा सकते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







