देहरादून में देर रात आरटीओ प्रवर्तन की बड़ी कार्रवाई: सघन चेकिंग अभियान में 60 चालान, 15 वाहन सीज, देखिए वीडियो

खबर डोज देहरादून। देहरादून में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग उत्तराखंड द्वारा शुक्रवार देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

अभियान में एआरटीओ देहरादून पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में देहरादून प्रवर्तन दल, एआरटीओ विकासनगर अनिल नेगी के नेतृत्व में विकासनगर प्रवर्तन दल तथा परिवहन कर अधिकारी अनुराधा पंत आशारोड़ी सहित समस्त प्रवर्तन टीम मौजूद रही। रात 9 बजे से शुरू हुआ यह अभियान घंटाघर, ओएनजीसी चौक, आईएसबीटी और शिमला बाइपास रोड समेत विभिन्न स्थानों पर देर रात तक चलता रहा।
सप्ताहांत के चलते दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों से मसूरी व अन्य पर्यटन स्थलों की ओर आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने पर बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के दस्तावेजों की विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, टेम्परेरी नंबर प्लेट या “AF Applied For” लिखकर चल रहे वाहनों को रोका गया। इसके अलावा फिटनेस समाप्त वाहनों, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों, ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों और स्टॉप लाइन व ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
ओएनजीसी चौक पर अल्कोमीटर के माध्यम से ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को रोककर न केवल चालान किया गया बल्कि उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान के दौरान आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा डॉ. अनीता चमोला स्वयं सड़क पर मौजूद रहीं और पूरी कार्रवाई का निरीक्षण करती रहीं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 60 चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 15 वाहनों को सीज किया गया। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें







