उत्तराखंड में आईपीएस के बाद अब IAS-PCS अधिकारियों के तबादले, हरिद्वार प्रशासन में बड़ा फेरबदल

ख़बर शेयर करें -

-कुंभ मेला अपर मेलाधिकारी पंकज उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार, कृष्ण कुमार मिश्रा देहरादून से पहुंचे हरिद्वार, वैभव गुप्ता की देहरादून में तैनाती

खबर डोज, देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार 27 नवंबर 2026 को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के अधिकारियों की तैनाती में बड़ा फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी स्थानांतरण आदेश में कुल 10 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल का असर हरिद्वार प्रशासन पर भी पड़ा है। खासतौर पर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया समीकरण बनाया गया है।

शासनादेश के अनुसार PCS अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, जो वर्तमान में अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद पर तैनात थे, उन्हें अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है। वहीं हरिद्वार में अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला के पद पर तैनात PCS अधिकारी पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे कुंभ मेला और जिला प्रशासन की जिम्मेदारियों के बीच उनका दायित्व और बढ़ गया है।

वहीं हरिद्वार के अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता का स्थानांतरण अपर जिलाधिकारी देहरादून के पद पर किया गया है।

इसके अलावा IAS अधिकारियों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। ललित मोहन रयाल को नैनीताल के जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

निधि यादव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि दीप्ति सिंह को जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह अब नैनीताल के जिलाधिकारी होंगे।

इसके अतिरिक्त PCS अधिकारी सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल और सुधीर कुमार को अल्मोड़ा में नई जिम्मेदारी दी गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नए अधिकारियों की तैनाती के बाद जिले में प्रशासनिक कामकाज और कुंभ की तैयारियों को कितनी गति मिलती है।

You cannot copy content of this page