पौड़ी पुलिस की कमान संभालते ही एक्शन में दिखे नवागत एसएसपी देवेंद्र पींचा, शाखाओं का किया निरीक्षण

–अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना रहेगी प्राथमिकता
खबर डोज, पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल को नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिल गया है। वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी देवेंद्र पींचा ने शुक्रवार 27 नवंबर को पौड़ी पुलिस की कमान संभाल ली। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्द सलामी दी गई, जिसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी ली।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत एसएसपी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखाओं में संचालित कार्यों, कार्यालयी व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी लेते हुए कार्यों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

एसएसपी देवेंद्र पींचा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिसिंग में अनुशासन, बेहतर समन्वय, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया।
कई महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं
आईपीएस देवेंद्र पींचा अपने सेवाकाल में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वह इससे पूर्व एसएसपी अल्मोड़ा, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी, एसपी चम्पावत, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिल चुके हैं कई सम्मान
देवेंद्र पींचा को वर्ष 2013 में केदारनाथ आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों में सराहनीय योगदान के लिए सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान रुद्रपुर में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं, वर्ष 2023 में चम्पावत में नशे के विरुद्ध अभियान में उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्यपाल द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 15 अगस्त 2025 को उन्हें पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड से भी नवाजा गया।
अब पौड़ी जनपद में उनके सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराधों पर अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था में सुधार और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने की चुनौती होगी। उनके नेतृत्व में पौड़ी पुलिस किस तरह नई कार्यशैली के साथ आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट पाने के लिए -
👉 खबरडोज के व्हाट्सप्प ग्रुप से जुड़ें








कोटद्वार में अवैध शराब के दर्जनों काउंटर, आबकारी विभाग की कार्रवाई सिर्फ बॉर्डर चेकिंग तक सीमित! ठेकों से दिनदहाड़े अवैध काउंटरों तक पहुंच रही शराब, कब हत्थे चढ़ेगा फरार तस्कर? 