कोटद्वार में अवैध शराब के दर्जनों काउंटर, आबकारी विभाग की कार्रवाई सिर्फ बॉर्डर चेकिंग तक सीमित! ठेकों से दिनदहाड़े अवैध काउंटरों तक पहुंच रही शराब, कब हत्थे चढ़ेगा फरार तस्कर?

ख़बर शेयर करें -

खबर डोज, कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल का आबकारी महकमा अब कार्रवाई से ज्यादा दिखावे में जुटा नजर आ रहा है। कोटद्वार शहर में कथित तौर पर अवैध शराब के दर्जनों काउंटर संचालित होने और ठेकों से दिनदहाड़े शराब की सप्लाई होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन आबकारी विभाग की सक्रियता कौड़िया बैरियर पर वाहनों की चेकिंग तक सिमटकर रह गई है। सवाल यह है कि जब शहर के भीतर अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है तो विभाग की नजर आखिर उन ठिकानों तक क्यों नहीं पहुंच रही?

आबकारी विभाग की टीम कौड़िया बैरियर पर वाहनों को रोककर चेकिंग करती दिखाई देती है। विभाग इसे अपनी बड़ी कार्रवाई के रूप में पेश कर सकता है, लेकिन शहर के गली-मोहल्लों में यदि अवैध शराब के काउंटर संचालित हो रहे हैं तो इन पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही? क्या विभाग को इन ठिकानों की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर आंखें मूंद रखी हैं?

सबसे बड़ा सवाल फरार शराब तस्कर को लेकर भी है। आखिर वह कब तक आबकारी विभाग की कार्रवाई से बचता रहेगा? उसके खिलाफ अब तक क्या ठोस कार्रवाई हुई और उसे पकड़ने के लिए विभाग ने कौन से कदम उठाए हैं? इन सवालों का जवाब जनता जानना चाहती है।

शहर में अवैध शराब की बिक्री का असर युवाओं और सामाजिक माहौल पर भी पड़ रहा है। यदि ठेकों से ही शराब अवैध काउंटरों तक पहुंच रही है तो संबंधित लाइसेंसधारकों और सप्लाई व्यवस्था की जांच क्यों नहीं कराई जा रही?

अब आबकारी विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को जवाब देना चाहिए कि कौड़िया बैरियर की चेकिंग से आगे शहर के भीतर कब अभियान चलेगा? आखिर कब अवैध काउंटरों पर कार्रवाई होगी और कब फरार तस्कर कानून के शिकंजे में आएगा? जनता को चेकिंग का ड्रामा नहीं, जमीन पर ठोस कार्रवाई चाहिए।

You cannot copy content of this page